बेगूसराय | 06 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय प्रखंड सभागार में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) रवि शंकर कुमार की अध्यक्षता में प्रखंड समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी पूजा कुमारी, कृषि पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक सुजीत कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार पासवान सहित सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव और स्वच्छता पर्यवेक्षक मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
सहयोग शिविर को लेकर तैयारी के निर्देश: बैठक के दौरान BDO ने 19 मई से प्रस्तावित सहयोग शिविर को लेकर सभी ग्राम पंचायतों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिविर से पहले प्राप्त होने वाले आवेदनों का संधारण कर उनका समयबद्ध निष्पादन किया जाए, ताकि लोगों को शिविर में त्वरित लाभ मिल सके।
स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर: इसके साथ ही ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर स्वच्छता पर्यवेक्षकों को प्रतिदिन डोर-टू-डोर कार्य करने का निर्देश दिया गया। BDO ने स्पष्ट कहा कि सभी स्वच्छता कर्मियों की उपस्थिति WPU (वर्क प्रोग्रेस यूनिट) के माध्यम से अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, जिससे कार्यों की निगरानी प्रभावी हो सके।
रिक्शा मरम्मत और मानदेय भुगतान पर निर्देश: बैठक में पंचायत सचिवों को पंचायतों में अकार्यरत पैडल रिक्शा एवं ई-रिक्शा को एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, अगस्त 2025 से 15वीं वित्त आयोग मद के तहत लंबित मानदेय का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। अंत में BDO ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया।








Total views : 84858