जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, BSACS एवं बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के संयुक्त प्रयास से शुरू हुआ अभियान
सुपौल, 9 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
स्वस्थ समाज के निर्माण और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (BSACS) तथा बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के संयुक्त तत्वावधान में सुपौल जिले में 74 समेकित स्वास्थ्य शिविरों का शुभारंभ किया गया। किशनपुर प्रखंड के मलाढ में आयोजित उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि स्वस्थ शरीर किसी भी व्यक्ति के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श लेने से कई गंभीर बीमारियों की पहचान एवं रोकथाम संभव है।डीएम ने आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदियों तथा अन्य फ्रंटलाइन कर्मियों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि सभी शिविरों में चिकित्सकों एवं मेडिकल टीमों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए वे स्वयं विभिन्न शिविरों का निरीक्षण करेंगे। बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि सभी हितधारकों के सहयोग से यह स्वास्थ्य अभियान राज्य में एक आदर्श मॉडल साबित होगा।
विशेष बात यह रही कि जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने स्वयं शिविर में HIV, ब्लड शुगर, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, हेपेटाइटिस-बी एवं सी सहित अन्य स्वास्थ्य जांच कराकर अभियान का शुभारंभ किया। डीएम की इस पहल का उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
कार्यक्रम में किशनपुर पीएचसी की टीम, बीएचएम, बीसीएम, डीआईएस बंधु नाथ झा, एलटी चंदन कुमार, बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति की मुख्यालय एवं सुपौल टीम, मुखिया, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदियां तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन डीपीएम, डीएचएस द्वारा किया गया।








Total views : 89580