बेगूसराय। 03 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बरौनी ताइक्वांडो क्लब के तत्वावधान में तथा बेगूसराय जिला ताइक्वांडो संघ के अधीन 24वीं क्यूरोगी एवं 7वीं पूमसे जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 5 जुलाई 2026 तक आर.के.सी. हॉल, बरौनी में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्लबों और विद्यालयों के लगभग 450 बालक एवं बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
17 क्लबों और स्कूलों के खिलाड़ी लेंगे भाग: जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव नन्दु कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जिले के 17 क्लबों एवं स्कूलों के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयनित होंगे।
खिलाड़ियों के लिए की गई विशेष व्यवस्था: प्रतियोगिता के संयोजक फूलकुमार चौधरी ने बताया कि खिलाड़ियों और तकनीकी अधिकारियों के रहने एवं ठहरने की बेहतर व्यवस्था की गई है। वहीं क्लब के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता स्थल पर आवश्यक सुविधाओं के साथ खिलाड़ियों के भोजन और आवास की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
आयोजन को सफल बनाने में जुटी टीम: प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए बरौनी ताइक्वांडो क्लब के कोच मो. फुरकान, रूपेश कुमार, हेमंत कुमार, मो. फ़रमान, मो. अलताफ और सान्वी सहित जिला ताइक्वांडो संघ के संयुक्त सचिव अनिल कुमार तांती, तकनीकी कोच मणिकांत, मनोज कुमार स्वर्णकार, महेंद्र कुमार, श्याम किशोर सिंह, अभिषेक कुमार, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सौरव कुमार तथा श्याम कुमार राज लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
उद्घाटन समारोह में कई गणमान्य होंगे शामिल: आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बीटीएमयू के कार्यकारी अध्यक्ष एवं जिला ताइक्वांडो संघ के जिलाध्यक्ष रजनीश रंजन, कल्याण केंद्र के सचिव भोगेंद्र कुमार कमल, उपाध्यक्ष बागीश आनंद सहित कई गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।— नेशनल पॉजिटिव न्यूज़






Total views : 92850