790 किलो जावा महुआ और 75 लीटर चुलाई शराब जब्त, अवैध शराब की तीन भट्टियां ध्वस्त
बेगूसराय। 12 नवंबर 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी और शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस एवं उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग स्थानों पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 207.7 लीटर प्रतिबंधित कोडीन सिरप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 790 किलोग्राम जावा महुआ और 75 लीटर चुलाई शराब जब्त करने के साथ अवैध शराब निर्माण की तीन भट्टियों को ध्वस्त किया गया। जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों एवं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 नवंबर को पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की।
कार से बरामद हुई कोडीन सिरप की 2,077 बोतलें, दो गिरफ्तार: पहली कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बलिया के निर्देशन में बलिया थाना क्षेत्र में की गई। एनडीपीएस के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बलिया-लखमिनिया हाईवे पर एक संदिग्ध अर्टिगा कार (BR-09 AS 9321) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 100 एमएल की कुल 2,077 बोतल प्रतिबंधित कोडीन सिरप बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 207.7 लीटर है। इस कार्रवाई में वाहन पर सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया निवासी गंगेश कुमार, पिता राम बहादुर साह तथा खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-08 निवासी अखिलेश पंजीआर, पिता सुरेश पंजीआर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले में बलिया थाना पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रचियाही में छापेमारी, तीन शराब भट्टियां ध्वस्त: दूसरी ओर, उत्पाद अधीक्षक सुमन कुमार सिंह के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम ने सिंघौल थाना क्षेत्र के रचियाही में सघन छापेमारी अभियान चलाया। सुबह 6 बजे से 8 बजे तक चले इस अभियान में अवैध शराब निर्माण के लिए रखे गए करीब 790 किलोग्राम जावा महुआ और 75 लीटर चुलाई शराब जब्त की गई। इसके साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल की जा रही तीन अवैध भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया गया।
अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान रहेगा जारी: जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशीले पदार्थों या अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन अथवा बिक्री से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन, पुलिस या उत्पाद विभाग को सूचित करें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।






Total views : 116394