बेगूसराय। 16 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा महिला प्रकोष्ठ की बेगूसराय इकाई की ओर से हरहर महादेव चौक स्थित केडीएम होटल के सभागार में सावन महोत्सव सह महिला महामिलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरे परिधानों में सजी कायस्थ समाज की महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिलाओं ने गीत, संगीत, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं के माध्यम से सावन की खुशियां साझा कीं।कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार वकील संघ के अध्यक्ष मनोज सिन्हा, प्रदेश महिला महामंत्री प्रीति सिन्हा, मटिहानी के पूर्व विधायक राजकुमार सिंह तथा मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कायस्थ महासभा महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष कुसुमलता वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में पहुंचने वाले अतिथियों एवं सदस्यों का टीका लगाकर, पुष्प वर्षा और गले मिलकर स्वागत किया गया। इस दौरान सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने ‘कैसे खेल जाऊं सावन में कजरिया’, ‘मेरे हाथों में नौ-नौ चूड़ियां हैं’, ‘झुमका गिरा रे’ सहित कई लोकप्रिय गीतों पर जमकर नृत्य किया। गीत-संगीत के साथ महिलाओं के लिए सावन प्रिंसेस, हरितिमा क्वीन, मदर ऑफ सावन क्वीन, सावन की गुड़िया और म्यूजिकल चेयर समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

प्रतियोगिताओं में हरितिमा क्वीन का खिताब सारिका भास्कर, सावन क्वीन की विजेता सारिका सचिन तथा रनर-अप सुमन सिन्हा, सावन प्रिंसेस की विजेता सृजन सिन्हा तथा रनर-अप संजना सिन्हा रहीं। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में शिवानी सिन्हा विजेता बनीं। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता की निर्णायक अंकिता सिन्हा और प्राची सिन्हा रहीं। कार्यक्रम के अंत में कवयित्री मुकुल सिन्हा को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुसुमलता वर्मा, सुजीत वर्मा, वीनू सिन्हा, पूर्व विधायक राजकुमार सिंह, बेगूसराय इकाई की अध्यक्ष पूनम शेखर, संरक्षक मीरा सिन्हा, महामंत्री सारिका भास्कर, उपाध्यक्ष प्रीति सिन्हा, संगठन सचिव रजनी कुमारी एवं शिला सिन्हा, कार्यकारी अध्यक्ष अर्चना कुमारी, जुली कुमारी, ज्योति कुमारी, सारिका सचिन, वीणा सिन्हा, किरण सिन्हा, रेखा श्रीवास्तव सहित कई सदस्यों को सम्मानित किया गया।

महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष पूनम शेखर ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में महिलाएं घर और परिवार की जिम्मेदारियों में व्यस्त रहती हैं। ऐसे में सावन महोत्सव के माध्यम से महिलाओं को अपने लिए कुछ पल निकालने और मिल-जुलकर खुशियां साझा करने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ अपनी संस्कृति और सम्मान का भी पूरा ध्यान रखा गया। महिलाओं ने समाज को यह संदेश दिया कि वे समाज के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।

महामंत्री सारिका भास्कर ने कहा कि महिलाएं घर-परिवार की जिम्मेदारियों से घिरी रहती हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उन्हें कुछ समय अपने लिए जीने और बचपन की यादों को फिर से महसूस करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कई नई महिला सदस्य एक-दूसरे की मित्र बनीं और आपसी एकजुटता की भावना मजबूत हुई। भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम का संचालन याशना भूषण ने किया। शिव की भूमिका सचिन और पार्वती की भूमिका नवया ने निभाई। मौके पर संजय कुमार, अशोक सिन्हा, नवीन सिन्हा, अलख सिन्हा, भास्कर भूषण, रविंद्र मनोहर निक्कू, रंजीत कुमार सिन्हा, संजीव कुमार, नवाब, बीनू सिन्हा, सुजीत वर्मा, राजीव कुमार, विजय सिन्हा, संजीव कुमार बुल्लू, राजेश श्रीवास्तव, जूली सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।





Total views : 100366





















