बेगूसराय। 17 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, लीगेसी वेस्ट निस्तारण और बल्क वेस्ट जनरेटर के पंजीकरण की समीक्षा की गई। डीएम ने बलिया, बखरी और तेघड़ा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े कचरा उत्पादकों की पहचान कर 31 अक्टूबर 2026 तक सीपीसीबी पोर्टल पर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नोटिस और नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई।
सभी वार्डों और ग्राम पंचायतों में गीला, सूखा, खतरनाक और ई-कचरे का 4-वे सोर्स सेग्रीगेशन लागू करने का निर्देश दिया गया। नगर निगम के वर्तमान 6 वार्डों की व्यवस्था को सभी 45 वार्डों तक विस्तारित करने को कहा गया। बैठक में लीगेसी डंप साइटों के वैज्ञानिक निस्तारण, ग्रामीण क्षेत्रों के लंबित 59 डंप साइटों की सफाई तथा 15 ग्राम पंचायतों में मिनी वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की भी समीक्षा हुई। डीएम ने हर माह 25 तारीख तक ‘स्वच्छतम पोर्टल’ पर प्रगति रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सरकार और एनजीटी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें।





Total views : 100365





















