MSP गारंटी कानून बनाने, खाद की कालाबाजारी रोकने और भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाने की उठी मांग; किसान-मजदूरों के लिए 10 हजार रुपये मासिक पेंशन की भी मांग
बेगूसराय, 26 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय। संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर गुरुवार को संयुक्त किसान मोर्चा की बेगूसराय जिला इकाई के तत्वावधान में विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन सह धरना आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और मजदूर ट्रैफिक चौक से बैनर एवं झंडे के साथ जुलूस की शक्ल में निकले और केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समाहरणालय के दक्षिणी द्वार पर पहुंचे। यहां प्रदर्शन के बाद धरना दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान खेती के लिए अनुदान बढ़ाने, कृषि लागत घटाने, खाद खरीद के लिए फार्मर आईडी कार्ड, चालू लगान रसीद और मोबाइल नंबर के अनिवार्य पंजीकरण की बाध्यता समाप्त करने, किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक, उन्नत बीज, कीटनाशक एवं अन्य कृषि सामग्री उचित दरों पर समय से उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) रद्द करने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने तथा अमेरिका एवं अन्य साम्राज्यवादी देशों के साथ किसान विरोधी मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) को रद्द करने की मांग भी की गई।
धरना की अध्यक्षता प्रताप नारायण सिंह, रामाशीष राय एवं नवल किशोर की तीन सदस्यीय अध्यक्ष मंडली ने की। MSP गारंटी कानून और किसानों की उपज की खरीद का मुद्दा उठाधरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार से सभी फसलों के लिए C2+50 प्रतिशत की दर से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का कानूनी गारंटी कानून बनाने तथा किसानों की सभी उपज की सरकारी खरीद सुनिश्चित करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि जब तक किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य कानूनी रूप से सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
वक्ताओं ने खाद बिक्री में कथित अनियमितताओं पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह व्यापारियों द्वारा किसानों को डीएपी के साथ एनपीके अथवा यूरिया के साथ नैनो उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है। इसे अवैधानिक बताते हुए ऐसी जबरदस्ती पर रोक लगाने और किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराने की मांग जिला प्रशासन से की गई।
कर्ज माफी और आत्महत्या पीड़ित परिवारों को 25 लाख मुआवजे की मांग: वक्ताओं ने ग्रामीण ऋणग्रस्तता की समस्या समाप्त करने तथा किसानों एवं खेत मजदूरों की आत्महत्याओं पर रोक लगाने के लिए व्यापक कर्ज माफी की मांग की। साथ ही किसान आत्महत्या से प्रभावित प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा मजदूर विरोधी चार श्रम संहिताओं को वापस लेने, ठेका प्रथा पर रोक लगाने तथा जबरन भूमि अधिग्रहण बंद करने की मांग की गई। वक्ताओं ने भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुनर्स्थापना कानून 2013 को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया।
लैंड पूलिंग नीति और उपजाऊ जमीन के अधिग्रहण का विरोध: बिहार में लैंड पूलिंग नीति के तहत सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं के नाम पर चार लाख एकड़ से अधिक उपजाऊ जमीन के कथित जबरन अधिग्रहण पर रोक लगाने की मांग की गई। वक्ताओं ने टोपोलैंड के नाम पर दियारा एवं चौर क्षेत्र की जमीन के अधिग्रहण तथा बिना उचित मुआवजे के जमीन लेने की कोशिशों को बंद करने की बात कही।इसके साथ ही बिहार में एपीएमसी अधिनियम को पुनः बहाल कर कृषि मंडियों को चालू करने तथा सभी बटाईदार किसानों का पंजीकरण कर उन्हें फसल बीमा, फसल क्षति मुआवजा और अन्य सरकारी कृषि सुविधाओं का लाभ देने की मांग की गई।
इसके अलावा वीबी-ग्राम जी कानून को रद्द करने, मनरेगा को पुनः लागू करने, ग्रामीण मजदूरों के लिए 200 दिनों के रोजगार की कानूनी गारंटी और 700 रुपये दैनिक मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।वक्ताओं ने जमीन पर पहले से बसे सभी भूमिहीन परिवारों को अविलंब वासगीत का पर्चा देने तथा सभी किसान-मजदूरों को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन उपलब्ध कराने की मांग भी की।
धरना को पूर्व विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह, रामरतन सिंह, सीटू के राज्य अध्यक्ष गणेश शंकर सिंह, बिहार राज्य किसान सभा (अजय भवन) के जिला सचिव दिनेश सिंह, अनिल कुमार अंजान, जिला किसान कौंसिल के सचिव दयानिधि चौधरी, किसान महासभा के जिला सचिव बैजू सिंह, चन्द्र देव वर्मा, रमेश सिंह एवं रामशंकर यादव सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।अंत में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। इसके साथ ही धरना की कार्यवाही समाप्त हुई।





Total views : 118727