विद्यालयों में वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कराने का सुझाव, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
बेगूसराय, 26 नवंबर 2026।नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
संविधान दिवस 2026 के अवसर पर गुरुवार को प्रेक्षा गृह, कंकौल, बेगूसराय में जिला प्रशासन एवं जिला शिक्षा कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय वस्त्र मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह शामिल हुए। इस दौरान भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कर संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की उद्देशिका के सामूहिक पाठ के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा संचालित आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
अपने स्वागत संबोधन में डीएम ने कहा कि संविधान की उद्देशिका में निहित मूल्यों और आदर्शों को जीवन में आत्मसात करके ही हम जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बन सकते हैं। संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र, सामाजिक समरसता, समानता और न्याय का मजबूत आधार है।उन्होंने कहा कि युवाओं एवं आने वाली पीढ़ियों तक संविधान के मूल सिद्धांतों और संवैधानिक मूल्यों को पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। जिला पदाधिकारी ने संविधान के अनुच्छेद 47 का उल्लेख करते हुए बिहार में लागू शराबबंदी कानून तथा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से संविधान दिवस के साथ नशामुक्ति बिहार दिवस भी मनाया जा रहा है।
मुख्य अतिथि गिरिराज सिंह ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिला प्रशासन को विद्यालयों में समय-समय पर समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों की अभिव्यक्ति क्षमता विकसित होगी और वे निर्भीक होकर अपने विचार प्रस्तुत करना सीखेंगे। केंद्रीय मंत्री ने प्राचीन लिच्छवी गणराज्य का उल्लेख करते हुए भारत की समृद्ध लोकतांत्रिक परंपराओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत है। संविधान में 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का प्रावधान किया गया है। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों को उनके अधिकारों के साथ-साथ संवैधानिक एवं सामाजिक कर्तव्यों के प्रति भी नियमित रूप से जागरूक करने की आवश्यकता बताई, ताकि वे अपने अधिकारों का सदुपयोग करने के साथ अपने दायित्वों का भी जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन कर सकें।
संविधान दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में निबंध, पोस्टर, स्लोगन एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विधान पार्षद डॉ. सुरेश राय, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, बेगूसराय नगर निगम की महापौर पिंकी देवी, उपमहापौर अनीता राय, नगर आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।संविधान दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, लोकतांत्रिक सोच और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।





Total views : 118727