बच्चे के जन्म से 15 दिन पहले या जन्म के छह महीने के भीतर ले सकेंगे छुट्टी, महिला कर्मचारियों को पहले से मिल रहा है 365 दिनों का मातृत्व अवकाश
चेन्नई। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | नेशनल डेस्क, 26 नवंबर 2026।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय ने सरकारी कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए पुरुष कर्मचारियों के लिए 15 दिनों के पितृत्व अवकाश (Paternity Leave) की घोषणा की है। इस फैसले के तहत अब राज्य के विवाहित पुरुष सरकारी कर्मचारी बच्चे के जन्म के अवसर पर अपनी पत्नी और नवजात शिशु की देखभाल के लिए 15 दिनों की छुट्टी ले सकेंगे।
सरकार की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पुरुष कर्मचारी बच्चे के जन्म की संभावित तारीख से 15 दिन पहले या बच्चे के जन्म के छह महीने के भीतर इस अवकाश का लाभ उठा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने इस नई अवकाश सुविधा को लागू करने का आदेश दिया है।
बच्चे की परवरिश में पिता की भूमिका को मिलेगी मान्यता: सरकार का मानना है कि बच्चे की देखभाल और शुरुआती परवरिश की जिम्मेदारी केवल मां की ही नहीं, बल्कि पिता की भी होती है। प्रसव के दौरान पत्नी को सहयोग देने और नवजात शिशु की देखभाल में पिता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।बताया गया है कि सरकारी कर्मचारियों की ओर से लंबे समय से पुरुषों के लिए पितृत्व अवकाश की मांग की जा रही थी। इस मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए राज्य सरकार ने यह कदम उठाया है।
महिला कर्मचारियों को मिलता है 365 दिनों का मातृत्व अवकाश: गौरतलब है कि तमिलनाडु में महिला सरकारी कर्मचारियों को पहले से ही 365 दिनों का मातृत्व अवकाश (Maternity Leave) दिया जाता है। अब पुरुष कर्मचारियों के लिए 15 दिनों की पितृत्व अवकाश सुविधा शुरू होने से सरकारी परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री थलपति विजय सरकार के इस फैसले को कार्यस्थल पर लैंगिक समानता और पारिवारिक जिम्मेदारियों में पुरुषों की भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस निर्णय से तमिलनाडु के हजारों पुरुष सरकारी कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।






Total views : 118724