केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया जिला स्तरीय रोजगार-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का उद्घाटन, 1,250 अभ्यर्थियों का बायोडाटा प्राप्त
बेगूसराय | 26 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय। जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से गुरुवार को अयोध्या प्रसाद सिंह मेमोरियल कॉलेज, बरौनी के प्रांगण में एक दिवसीय जिला स्तरीय रोजगार-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार, जिला प्रशासन बेगूसराय एवं जिला नियोजनालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में कुल 24 नियोजक कंपनियों एवं संस्थानों ने भाग लिया।
रोजगार मेले का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री भारत सरकार गिरिराज सिंह, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय एवं जिला नियोजन पदाधिकारी अंकिता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
362 युवाओं का रोजगार के लिए प्रथम चरण में चयन: रोजगार मेले में युवाओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। विभिन्न नियोजक कंपनियों एवं संस्थानों ने कुल 1,250 अभ्यर्थियों का बायोडाटा प्राप्त किया, जिनमें से 362 अभ्यर्थियों का प्रथम चरण में रोजगार के लिए चयन किया गया। इस उपलब्धि के साथ रोजगार मेला जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
युवाओं को कौशल विकास पर ध्यान देने की अपील: उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। रोजगार मेला युवाओं और नियोजक कंपनियों के बीच संपर्क स्थापित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने युवाओं से शैक्षणिक योग्यता के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल विकसित करने तथा उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।वहीं, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेलों से स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले एवं राज्य में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं को पूरी तैयारी, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ ऐसे आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने कहा कि जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाए। उन्होंने अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता, रुचि एवं कौशल के अनुरूप रोजगार का चयन करने तथा सरकार की रोजगारपरक एवं कौशल विकास योजनाओं का लाभ उठाने की सलाह दी।
24 युवाओं को मिली स्टडी किट: कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री, विधायक एवं जिला पदाधिकारी द्वारा युवाओं के बीच कुल 24 स्टडी किट का वितरण किया गया। इसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना और उनकी तैयारी को प्रोत्साहित करना था।
208 अभ्यर्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार का मार्गदर्शन: रोजगार मेले में डीआरसीसी, आरसेटी (RSETI), उद्योग विभाग, अप्रेंटिसशिप एवं जन शिक्षण संस्थान सहित विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थानों ने अपने स्टॉल के माध्यम से रोजगारपरक एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इन संस्थानों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित पदाधिकारियों ने कुल 208 अभ्यर्थियों को रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास से जुड़े विभिन्न अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियों एवं नियोजकों ने योग्य अभ्यर्थियों को अलग-अलग पदों पर नियोजन के अवसर उपलब्ध कराए। साथ ही युवाओं को व्यावसायिक मार्गदर्शन एवं कौशल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। रोजगार मेले के सफल आयोजन में जिला नियोजनालय, बेगूसराय के समस्त कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही।





Total views : 118723