बेगूसराय। 27 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 11वीं पुण्यतिथि के अवसर पर बेगूसराय के सुखदेव नगर (सर्वोदय नगर) में शहीद सुखदेव सिंह समन्वय समिति द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेपी सेनानी संपूर्ण क्रांति मोर्चा के शिक्षक नेता अमरेंद्र कुमार सिंह ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में अमरेंद्र कुमार सिंह ने डॉ. कलाम के जीवन और योगदान को याद करते हुए कहा कि साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और वैज्ञानिक सोच के बल पर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने भारत के मिसाइल एवं अंतरिक्ष कार्यक्रम को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश के 11वें राष्ट्रपति के रूप में वर्ष 2002 से 2007 तक अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने युवाओं से डॉ. कलाम के आदर्शों पर चलने और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मो. कमर जावेद ने कहा कि डॉ. कलाम ने इसरो और रक्षा अनुसंधान के क्षेत्र में भारत को नई पहचान दिलाई। वहीं मो. असरार अहमद, समाजसेवी जितेंद्र ठाकुर और महिला सेल की सचिव सुनीता देवी ने उनके सरल व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में योगदान और सामाजिक समरसता के संदेश को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में मो. जुल्फिकार अली, अधिवक्ता राजेंद्र महतो, अनाया कुमारी, मो. रहवर, मो. कर्ष, मो. राशिद, मो. दिलशाद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








Total views : 96661