बेगूसराय, 21 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के अंतर्गत स्टार्टअप इंडिया की ओर से शुक्रवार को बेगूसराय में TEJAS (Transforming Entrepreneurial Journeys Across States & Districts) कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर अभियंत्रण महाविद्यालय के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के साथ जमीनी स्तर पर नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्त्ता बृज किशोर चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय अश्विनी कुमार, महाविद्यालय के प्राचार्य एवं महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान सरकारी योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का पदाधिकारियों ने निरीक्षण किया। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत नाज टेक्सटाइल्स के वस्त्र उत्पाद, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना (PMFME) के तहत ‘खुशी हनी’ के शहद एवं ‘प्रिमिक्स आइसक्रीम’ सहित मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लाभुकों के उत्पाद प्रदर्शित किए गए। मिथिला पेंटिंग और सिक्की कला से निर्मित कलाकृतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाला समय उद्यमिता और नवाचार का है। युवाओं को उपलब्ध स्थानीय संसाधनों और प्रतिभाओं का उपयोग कर स्वरोजगार के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। जिला प्रशासन की ओर से उद्यमियों को भूमि आवंटन, विधि-व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामलों में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया।
कार्यक्रम में सफल स्टार्टअप्स के संस्थापकों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा करते हुए युवाओं को निरंतर मेहनत, धैर्य, नवाचार और चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उद्यमिता में सफलता रातों-रात नहीं मिलती, बल्कि निरंतर प्रयास से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभुक उद्यमियों के अलावा इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रतिभागियों को स्टार्टअप, स्वरोजगार, नवाचार और सरकारी योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। अंत में महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, बेगूसराय ने सभी अतिथियों, उद्यमियों, छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






Total views : 101089





















