पति-पत्नी के विवाद के बाद जहर खाने की आशंका, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
बेगूसराय: बखरी थाना क्षेत्र के ग्राम चक्चरणपत वार्ड संख्या-06 में एक 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के जहर खाने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 29 जून 2026 को बखरी थाना को सूचना मिली कि ग्राम चक्चरणपत वार्ड संख्या-06 में एक व्यक्ति की जहर खाने से मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, स्थल को सुरक्षित किया तथा फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी सूचना दी गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान श्रीराम राय (32 वर्ष), पिता स्वर्गीय मंगरू महतो उर्फ मांगो महतो, निवासी चक्चरणपत, थाना बखरी, जिला बेगूसराय के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच हुए आपसी विवाद से परेशान होकर श्रीराम राय ने कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच: अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बखरी के नेतृत्व में बखरी थाना पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच, पूछताछ और साक्ष्य संकलन में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।






Total views : 92669