होटल ब्लू डायमंड से CCTV फुटेज और एंट्री रजिस्टर जब्त, दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
बेगूसराय। 29 सितम्बर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
नगर थाना बेगूसराय में महिला से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जानलेवा हमले के आरोपों से संबंधित प्राथमिकी संख्या 451/26, दिनांक 28 सितंबर 2026 दर्ज की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस जांच कर रही है। बेगूसराय पुलिस के अनुसार, महिला पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण सदर अस्पताल, बेगूसराय में कराया गया है। वहीं, FSL टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
होटल से CCTV फुटेज और रजिस्टर जब्त: पुलिस ने होटल ब्लू डायमंड से 27 सितंबर 2026 का CCTV फुटेज प्राप्त किया है। साथ ही होटल के रिसेप्शन से एंट्री रजिस्टर भी जब्त किया गया है।पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज के अवलोकन में प्राथमिकी अभियुक्त रोहित कुमार के सुबह करीब 7:01 बजे होटल के कमरा संख्या 203 में अकेले प्रवेश करने की बात सामने आई है। इसके बाद सुबह करीब 7:33 बजे पीड़िता के होटल में प्रवेश करने और दूसरी मंजिल पर रोहित कुमार से मिलने की फुटेज पुलिस को मिली है। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद दोनों होटल की गैलरी से होते हुए कमरा संख्या 203 में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 12:33 बजे दोनों को कमरा संख्या 203 से साथ बाहर निकलते हुए भी CCTV फुटेज में देखा गया है।पीड़िता का न्यायालय में बयान कराया जा रहा। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का BNSS की धारा 183 के तहत न्यायालय में बयान कराया जा रहा है। साथ ही, जिस व्हाट्सऐप नंबर को हैक कर कथित तौर पर वीडियो वायरल किया जा रहा था, उसे ब्लॉक कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले के प्राथमिकी अभियुक्त रोहित कुमार और विक्रम कुमार सहनी आपस में साला-बहनोई हैं।एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी। बेगूसराय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मामले में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त विक्रम कुमार सहनी, निवासी लोहियानगर, को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरे प्राथमिकी अभियुक्त रोहित कुमार, निवासी दामोदरपुर, की गिरफ्तारी के लिए नगर थाना पुलिस की टीम द्वारा विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई जारी है और अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





Total views : 108950