बेगूसराय। 17 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बीएसएस कॉलेजिएट स्कूल, बेगूसराय में एकलव्य सेंटर ताइक्वांडो एवं जिला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए चयन ट्रायल आयोजित किया गया। ट्रायल में बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एकलव्य सेंटर के लिए आयोजित चयन ट्रायल में कुल 27 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 6 बालिका खिलाड़ी शामिल रहीं।
वहीं, जिला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए 28 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया, जिनमें 9 बालिका खिलाड़ी थीं। इस तरह दोनों चयन प्रक्रियाओं में कुल 55 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बैटरी टेस्ट और ताइक्वांडो स्किल की हुई जांच: ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता का आकलन करने के लिए बैटरी टेस्ट आयोजित किया गया। जिला खेल कार्यालय की ओर से प्रतिनियुक्त पीटीआई ने खिलाड़ियों का बैटरी टेस्ट लिया।इसके साथ ही खिलाड़ियों के ताइक्वांडो कौशल का परीक्षण भी किया गया। बीएसएसए कोच विवेक प्रकाश एवं खेलो इंडिया कोच सुशील कुमार ने खिलाड़ियों की ताइक्वांडो तकनीक, कौशल एवं प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
प्रतिभावान खिलाड़ियों को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर: चयन ट्रायल की पूरी व्यवस्था एवं आयोजन की निगरानी जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने की। बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ ट्रायल में हिस्सा लिया।यह चयन प्रक्रिया राज्य के प्रतिभावान ताइक्वांडो खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एकलव्य सेंटर और जिला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच मिलेगा।





Total views : 100366





















