बेगूसराय। 18 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के उद्देश्य से मंगलवार को जिले के 18 प्रखंडों की 22 ग्राम पंचायतों में सहयोग शिविर के द्वितीय चरण का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं और विभिन्न मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं।जिले की सभी 22 ग्राम पंचायतों में वरीय पदाधिकारियों की अध्यक्षता में आयोजित शिविरों में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर, अधिकतम 10 दिनों में निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है। कई मामलों का समाधान शिविर स्थल पर ही करते हुए लाभुकों को संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

खम्हार पंचायत में अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं: बेगूसराय प्रखंड के खम्हार पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में मुंगेर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा एवं उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
2,797 आवेदनों में 2,583 का निष्पादन: प्रशासन के अनुसार अब तक इन 22 ग्राम पंचायतों में कुल 2,797 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2,583 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 214 आवेदनों पर कार्रवाई जारी है। शेष आवेदनों का भी शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने की बात कही गई है।सहयोग शिविरों में मुख्य रूप से राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, म्यूटेशन, रसीद सहित विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।

नगर निकायों में भी हजारों आवेदनों का निष्पादन: नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों में भी सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक 2,619 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2,569 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 50 शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है।
असंतुष्ट आवेदकों के लिए राज्य स्तरीय सहयोग शिविर: जिला प्रशासन ने बताया कि जिला स्तर पर की गई कार्रवाई से असंतुष्ट आवेदकों के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को राज्य स्तरीय सहयोग शिविर आयोजित किया जा रहा है। ऐसे आवेदक वहां अपनी शिकायतें एवं समस्याएं प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य सहयोग शिविरों के माध्यम से आम लोगों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना तथा उनकी शिकायतों का पारदर्शी और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।







Total views : 100508





















