बेगूसराय। 5 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। बीसीसीआई के तत्वावधान में आयोजित होने वाले अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए घोषित बिहार अंडर-19 क्रिकेट टीम में बेगूसराय के कुल चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। बिहार अंडर-19 क्रिकेट टीम की घोषणा सोमवार को की गई। इसमें बेगूसराय के युवराज यादव और पुष्पम राज को मुख्य टीम में शामिल किया गया है। वहीं, आयुष कुमार और हर्ष कुमार को स्टैंडबाय खिलाड़ी के रूप में रखा गया है। बीसीसीआई के तहत आयोजित अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 8 अक्टूबर से पांडिचेरी में किया जाना है। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए बिहार की टीम पांडिचेरी के लिए रवाना हो चुकी है।
बिहार अंडर-19 टीम अपना पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेलेगी। इस मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है और बेगूसराय के चयनित खिलाड़ियों से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। बेगूसराय के चार खिलाड़ियों के बिहार टीम से जुड़ने पर जिले के क्रिकेट प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। जिला क्रिकेट संघ ने भी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। इस संबंध में बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश ने जानकारी देते हुए कहा कि जिले के चार खिलाड़ियों का बिहार अंडर-19 टीम से जुड़ना बेगूसराय क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।





Total views : 110266