बेगूसराय। 5 अक्टूबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के सीपीआई कार्यालय कार्यानंद भवन में सोमवार को इंडिया गठबंधन की बैठक हुई। बैठक में इंडिया गठबंधन के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित विरोध कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालय में प्रतिवाद मार्च निकालने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय हुआ कि 8 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे जिला परिषद मार्केट स्थित डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा के पास से प्रतिवाद मार्च निकाला जाएगा। मार्च कैंटीन चौक पहुंचेगा, जहां सभा आयोजित की जाएगी।
SIR रद्द करने की मांग को लेकर मार्च: बैठक में गठबंधन की ओर से SIR रद्द करने और चुनाव आयोग को बर्खास्त करने की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में चुनाव आयोग के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग भी रखी गई।
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए मजदूर, किसान, छात्र, युवा, मेहनतकश, बुद्धिजीवी और आम लोगों से प्रतिवाद मार्च में शामिल होने की अपील की।
देशभर में चल रहे आंदोलनों पर दमन रोकने की मांग: बैठक में जंतर-मंतर सहित देशभर में चल रहे आंदोलनों पर कथित दमन को रोकने की मांग भी उठाई गई। नेताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही।
बैठक में भाकपा जिला मंत्री एवं पूर्व विधायक अवधेश राय, राजेंद्र चौधरी, भाकपा माले के नवलकिशोर सिंह, चंद्रदेव वर्मा और सीपीएम के जिला मंत्री रत्नेश झा सहित अन्य नेता शामिल हुए।





Total views : 110267