कंपोजिट विनियर्स से खूबसूरत मुस्कान तैयार करने की तकनीक पर देशभर के दंत चिकित्सकों ने सीखा प्रैक्टिकल
कोलकाता। 3/4 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
दंत चिकित्सा के क्षेत्र में आधुनिक स्माइल डिजाइनिंग तकनीक और कंपोजिट विनियर्स के उपयोग को लेकर 3 और 4 अक्टूबर 2026 को कोलकाता के होटल राजकुटीर में दो दिवसीय डेंटल सम्मेलन एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “स्माइल मेक ओवर विथ पार्सलिन विनियर्स” रहा। सम्मेलन में कोलकाता, पश्चिम बंगाल, सिलीगुड़ी के साथ-साथ बिहार और झारखंड से भी बड़ी संख्या में दंत चिकित्सकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. ओसामा सलान ने स्माइल डिजाइनिंग और विनियर तकनीक के विभिन्न पहलुओं पर प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का आयोजन Expert Dental Academy, Mumbai के सहयोग से किया गया, जबकि दंत चिकित्सा में उपयोग होने वाले कंपोजिट मटेरियल की अंतरराष्ट्रीय कंपनी Coltene की ओर से स्पॉन्सरशिप दी गई।

पहले दिन समझाई गई कंपोजिट मटेरियल की तकनीक: दो दिवसीय कार्यशाला के पहले दिन प्रतिभागियों को दांतों की अलग-अलग स्थिति और जरूरत के अनुसार कंपोजिट मटेरियल के चयन एवं इस्तेमाल की तकनीक समझाई गई। प्रशिक्षण के दौरान ट्रांसपेरेंट मटेरियल, ओपेकर मटेरियल, यूनिवर्सल शेड सहित विभिन्न प्रकार के मटेरियल के सही इस्तेमाल पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. ओसामा सलान ने प्रतिभागियों को बताया कि स्माइल डिजाइनिंग में केवल मटेरियल लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि दांतों के आकार, रंग, प्राकृतिक बनावट और मरीज की मुस्कान के अनुरूप उसका सही चयन और लेयरिंग बेहद महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही विनियर्स की फिनिशिंग और पॉलिशिंग की तकनीक का भी प्रशिक्षण दिया गया।

दूसरे दिन प्रतिभागियों ने खुद किया प्रैक्टिकल: कार्यशाला के दूसरे दिन प्रशिक्षण को पूरी तरह प्रैक्टिकल रूप दिया गया। प्रत्येक प्रतिभागी को वर्किंग मॉडल के रूप में दांत उपलब्ध कराया गया और सीखी गई तकनीक के आधार पर स्वयं कंपोजिट विनियर तैयार करने का अवसर दिया गया।प्रतिभागियों ने अपने-अपने मॉडल पर कंपोजिट मटेरियल की लेयरिंग, शेपिंग, फिनिशिंग और पॉलिशिंग का कार्य किया। इस दौरान डॉ. ओसामा सलान ने प्रतिभागियों के कार्य का अवलोकन करते हुए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया। कार्यशाला में प्रतिभागियों ने अपनी दक्षता और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

सफल प्रतिभागियों को मिला प्रमाणपत्र: दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं प्रैक्टिकल कार्यशाला के समापन के अवसर पर सभी प्रतिभागियों को डॉ. ओसामा सलान द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। साथ ही Coltene की ओर से प्रत्येक प्रतिभागी को कंपनी का कंपोजिट किट तथा Kenda की ओर से पॉलिशिंग बर्स भी उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम के आयोजन में Expert Dental Academy, Mumbai के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. रमीज राजा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं Coltene कंपनी की ओर से सुखदेव बैनर्जी, कार्तिक, दर्शन सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
क्या है विनियर और स्माइल डिजाइनिंग?: विनियर दांतों की सामने वाली सतह पर लगाए जाने वाले पतले डेंटल रेस्टोरेशन होते हैं, जिनका उपयोग दांतों की बनावट और मुस्कान की खूबसूरती को बेहतर बनाने के लिए किया जाता है। दांतों के आकार में कमी, कुछ मामलों में दांतों के बीच गैप, रंग या आकार से जुड़ी सौंदर्य संबंधी समस्याओं तथा मुस्कान से असंतुष्टि जैसी स्थितियों में उचित केस चयन के बाद विनियर आधारित उपचार एक विकल्प हो सकता है।
आधुनिक डेंटिस्ट्री में मरीज के चेहरे की बनावट, दांतों के अनुपात और प्राकृतिक मुस्कान को ध्यान में रखते हुए मुस्कान को बेहतर बनाने की प्रक्रिया को व्यापक रूप से स्माइल डिजाइनिंग कहा जाता है। इसमें चिकित्सकीय जांच और उचित उपचार योजना के बाद कंपोजिट या अन्य उपयुक्त विनियर तकनीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है। कोलकाता में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यशाला का उद्देश्य दंत चिकित्सकों को आधुनिक स्माइल डिजाइनिंग तकनीकों की व्यावहारिक समझ देना और उन्हें कंपोजिट विनियर्स के बेहतर एवं वैज्ञानिक उपयोग के लिए प्रशिक्षित करना रहा।






Total views : 110325