जिलेभर के स्कूलों से पहुंचे क्रिकेट खिलाड़ियों ने ट्रायल में किया शानदार प्रदर्शन, चयनित खिलाड़ियों में से बनेगी बेगूसराय की जिला टीम
बेगूसराय। 5 अक्टूबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 के छठे दिन बीपी इंटर स्कूल में अंडर-17 बालक क्रिकेट टीम के चयन के लिए ट्रायल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिलेभर के विभिन्न विद्यालयों से 17 वर्ष से कम आयु के बालक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी क्रिकेट प्रतिभा का प्रदर्शन किया।ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय अंडर-17 बालक क्रिकेट टीम के लिए किया गया है। इन्हीं चयनित खिलाड़ियों में से बेगूसराय की जिला स्तरीय टीम का गठन किया जाएगा।
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने ट्रायल में शामिल खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आज बिहार के बच्चे भी क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का जलवा दिखा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि भारत में क्रिकेट के प्रति लोगों में विशेष उत्साह है। बेगूसराय के युवा क्रिकेटर भी मेहनत के बल पर अपना भविष्य बना सकते हैं और आईपीएल जैसे बड़े मंचों तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश ने भी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि विद्यालय खेल प्रतियोगिता के माध्यम से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। गांव की गलियों से निकलकर युवा क्रिकेटर जिला स्तरीय टीम में जगह बनाने के लिए एक-दूसरे को कड़ी प्रतिस्पर्धा दे रहे हैं।
इन खिलाड़ियों का हुआ चयन: चयनित बल्लेबाजों में सनी, अमन, आर्यन, हर्ष, शुभम, प्रियांशु, निशांत, दिव्यांशु, शौर्य, सत्यम, प्रियांशु उत्सव, युवराज, आशीष, संजीत, सचिन, दिव्यांशु पराशर, कृष्णन, श्रेया झा और अनुराग शामिल हैं।चयनित गेंदबाज एवं क्षेत्ररक्षकों में आयुष, बंटी, प्रत्यूष, दिव्यांशु, हर्षित, निशांत, सन्नी, श्रेयांश, सुमित, अमित, सुमन, अंकेश, मानस, ऋतुराज मुबारक, ऋतिक, कुलदीप और प्रेम शामिल हैं।
चयनकर्ताओं के रूप में अरनव पंकज, दीपक कुमार दीप, अभय आर्यन, सुमित कुमार और राहुल कुमार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया। प्रतियोगिता के दौरान गौरव कुमार पाठक ने उद्घोषक की भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में प्रतियोगिता संयोजक अरविंद कुमार कन्हैया भारद्वाज के साथ बबलू, शुभम, रितेश, सोनू, शशि सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित ये खिलाड़ी अब बेगूसराय की अंडर-17 जिला स्तरीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।




Total views : 110155