बेगूसराय। 12 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट्स के सुधार तथा दुर्घटना पीड़ितों को मिलने वाली सहायता योजनाओं की समीक्षा की गई।
जुलाई में ₹1.64 करोड़ से अधिक की शमन राशि वसूली: बैठक में जुलाई 2026 में परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। जुलाई माह में कुल ₹1,64,72,783 की शमन राशि वसूल की गई। इसमें परिवहन विभाग द्वारा ₹98,06,783 और पुलिस प्रशासन द्वारा ₹66,66,000 की राशि शामिल है। बिना हेलमेट, प्रदूषण प्रमाण पत्र, ओवरलोडिंग, फिटनेस और परमिट से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।सड़क दुर्घटनाओं में आई कमीसड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2025 में जिले में कुल 374 सड़क दुर्घटनाओं में 307 लोगों की मौत हुई थी। वहीं जुलाई 2026 में 12 दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 11 लोगों की मृत्यु हुई। जुलाई 2025 में 30 दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मौत हुई थी।जिला पदाधिकारी ने दुर्घटनाओं में और कमी लाने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई के साथ व्यापक जन-जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
36 ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा उपाय: जिले में चिन्हित 36 ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा के दौरान बताया गया कि NHAI द्वारा 20 तथा RCD द्वारा 16 ब्लैक स्पॉट्स पर अल्पकालीन सुरक्षा उपाय पूरे किए जा चुके हैं। डीएम ने NH-31 सहित प्रमुख मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार जेब्रा क्रॉसिंग, थर्माप्लास्टिक बार मार्किंग (TBM), ‘Go Slow’ तथा 30 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा से संबंधित संकेतक लगाने का निर्देश दिया।
जाम और जलजमाव की समस्याओं के समाधान का निर्देश: बैठक में पन्हांस से रजौड़ा सर्विस लेन में अतिक्रमण, कपसिया से सुभाष चौक के बीच जलजमाव तथा बीहट-सिमरिया आरओबी निर्माण के कारण उत्पन्न यातायात जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
गुड समेरिटन को मिलेगा ₹25 हजार का सम्मान: सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले उत्कृष्ट ‘गुड समेरिटन’ (राह वीरों) को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।बैठक में PM RAHAT योजना की भी समीक्षा की गई। योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को ₹1.50 लाख तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए जिले के 44 सरकारी एवं निजी अस्पतालों को संबद्ध किया गया है।वहीं, ‘हिट एंड रन’ मामलों की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 429 मामलों में मुआवजा राशि का सफलतापूर्वक भुगतान किया जा चुका है।जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने तथा आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार और समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक बेगूसराय मनीष, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।








Total views : 99822