बेगूसराय। 12 अगस्त। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय सदर प्रखंड के बगवाड़ा से लडुआरा होते हुए पचंबा तक बुधवार को स्वतंत्रता दिवस एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
हाथों में तिरंगा लेकर रैली में शामिल लोगों ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। रैली के पूरे मार्ग पर देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। छात्र-छात्राओं और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पूजा प्रीतम, प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि शंकर कुमार सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक: जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके तीनों रंग और अशोक चक्र देश के लिए त्याग, साहस, शांति, प्रगति और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा रैली युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।

उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपनी भावना व्यक्त करने का अवसर देता है।
जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराकर अभियान में भाग लेने की अपील की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने पर भी जोर दिया।
विद्यार्थियों से राष्ट्रनिर्माण में योगदान की अपील: उन्होंने छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के भारत का निर्माण करेंगे। विद्यार्थियों को देश की एकता, अनुशासन, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम का संदेश परिवार एवं समाज तक पहुंचाने तथा मजबूत और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की गई।
रैली के समापन अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद तिरंगा रैली का विधिवत समापन हुआ।








Total views : 99822