बेगूसराय। 25 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले के सभी अंचलों में दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, आधार सीडिंग, ई-मापी, सरकारी भूमि सत्यापन, एलपीसी, जमाबंदी अपडेशन, लोक शिकायत और सहयोग शिविर समेत विभिन्न राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
आधार सीडिंग और ई-मापी में प्रगति:
बैठक में बताया गया कि जिले में ऑनलाइन आधार सीडिंग का कार्य 88.21 प्रतिशत पूरा हो चुका है और कुल 10,93,444 सर्वे पूरे किए जा चुके हैं। वहीं ई-मापी के तहत प्राप्त आवेदनों में 82.96 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया गया है।
ऑनलाइन प्लॉटवार सरकारी भूमि सत्यापन में भी जिले ने 90.24 प्रतिशत प्रगति दर्ज की है। जमाबंदी अपडेशन के तहत नाम, खाता, खेसरा, लगान और रकबा में सुधार से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
अभियान बसेरा-2 में 400 आवेदन, एलपीसी के 55,921 आवेदन स्वीकृत: आगामी 20 नवंबर को अभियान बसेरा-2 के तहत भूमिहीन लाभुकों के बीच पर्चा वितरण की तैयारी की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 23 सितंबर तक जिले में 400 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विभागीय लक्ष्य 870 और जिला राजस्व शाखा के निर्धारित लक्ष्य 1,085 के अनुरूप कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
एलपीसी की समीक्षा में बताया गया कि जिले में कुल 67,768 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 55,921 आवेदनों को स्वीकृत किया जा चुका है। वहीं आमजनों की सुविधा के लिए आयोजित सहयोग शिविरों में प्राप्त 9,261 आवेदनों में से 8,986 मामलों का समाधान किया गया है।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को राजस्व मामलों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा आमजनों को राजस्व सेवाओं का पारदर्शी और सुगम लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के साथ मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।







Total views : 107945