बेगूसराय, 22 मई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो हत्या की घटनाओं का सफल उद्भेदन करते हुए दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक मामले में हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है।
पहला मामला गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कोरैय गांव का है, जहां 21 मई 2026 को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही गढ़पुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया। जांच के दौरान मृतका की पहचान गायत्री देवी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार घरेलू विवाद में पति अमित कुमार पंडित ने फंदा लगाकर पत्नी की हत्या कर दी। मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं दूसरा मामला बखरी थाना क्षेत्र के लोछे गांव का है, जहां 13 मई 2026 को रविन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक के भाई सोबीन सिंह को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना के बाद हत्या में प्रयुक्त हथियार को छिपा दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथियार भी बरामद कर लिया है। बेगूसराय पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में अनुसंधान जारी है और आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों घटनाओं के खुलासे में सफलता मिली है।






Total views : 87491