चित्रगुप्त नगर पोखरिया में छापेमारी के दौरान पुलिस ने बुलन सिंह और शिवम कुमार को पकड़ा, तीन मैगजीन और तीन मोबाइल भी जब्त
बेगूसराय। 10 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार के बेगूसराय जिले में नगर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके घर से एक मास्केट, दो देसी कट्टे, एक देसी पिस्टल, तीन मैगजीन और 32 कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पोखरिया निवासी बुलन सिंह और शिवम कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 8 और 9 अक्टूबर 2026 की रात छापेमारी के दौरान नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चित्रगुप्त नगर पोखरिया निवासी बुलन सिंह के पास अवैध हथियार हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की।
पुलिस को देखकर भागने लगे दोनों आरोपी: छापेमारी के दौरान पुलिस बल को देखकर दो व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान बुलन सिंह, पिता स्वर्गीय केदार सिंह, और शिवम कुमार, पिता बुलन सिंह, दोनों निवासी पोखरिया, नगर थाना क्षेत्र, बेगूसराय के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उनके घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक मास्केट, दो देसी कट्टे, एक देसी पिस्टल, तीन मैगजीन और 32 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद हथियारों और अन्य सामान को विधिवत जब्त कर लिया।
हथियारों के साथ अन्य सामान भी जब्त: पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान तीन मोबाइल फोन, आठ खोखे एवं गोली के अग्रभाग तथा एक लोहे का पंजा भी बरामद किया गया है। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 476/26, दिनांक 9 अक्टूबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की और 35 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में ये पुलिस अधिकारी रहे शामिल: इस कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक सतीश कुमार हिमांशु, नगर अंचल की पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक अर्चना सिन्हा, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार गौतम, सीमा कुमारी, मनीषा कुमारी और लाल साहेब तिवारी सहित नगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।







Total views : 111302