बेगूसराय। 07 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को बेगूसराय के खातोपुर चौक स्थित महाकाल मंदिर परिसर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह समेत भाजपा के कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खातोपुर चौक बना ‘सेवा ज्योति महाकाल चौक’ : कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने खातोपुर चौक का नामकरण ‘सेवा ज्योति महाकाल चौक’ किया। इस अवसर पर चौक पर सेवा, संकल्प और राष्ट्रनिर्माण के प्रतीक के रूप में एक विशाल मशाल भी स्थापित की गई।गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के सम्मान में चौक का नामकरण ‘सेवा ज्योति महाकाल चौक’ किया गया है।
उन्होंने कहा कि यहां स्थापित मशाल प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प और विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी का प्रतीक रहेगी।
पीएम मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प दोहराया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर देशवासियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेते समय उन्होंने नहीं सोचा था कि सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों का यह पड़ाव आएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 25 वर्षों का अनुभव केवल उनकी व्यक्तिगत पूंजी नहीं, बल्कि देश की पूंजी है। उन्होंने इसे आत्ममंथन और नए संकल्प का अवसर बताते हुए 2047 तक विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लक्ष्य को दोहराया।
उन्होंने देशवासियों के आत्मविश्वास को भारत की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।भाजपा नेताओं ने लिया विकसित भारत का संकल्प: कार्यक्रम में नगर विधायक कुंदन कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा बताते हुए विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।
उल्लेखनीय है कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 7 अक्टूबर 2026 को सरकार के प्रमुख के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए। इस अवसर पर देशभर में सेवा ज्योति यात्रा और विकसित भारत संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।






Total views : 110948