बेगूसराय। 08 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत बेगूसराय के 117 लाभुक उद्यमियों के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में 2-2 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। इससे लाभुक अपने प्रस्तावित व्यवसाय की स्थापना का शुरुआती काम शुरू कर सकेंगे।
बिहार के 7 हजार से अधिक लाभुकों को मिली राशि: पटना के बापू सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक दिवसीय उद्यमिता कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान राज्य के 7 हजार से अधिक लाभुकों के खातों में करीब 150 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए। बेगूसराय के जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बेगूसराय के 197 उद्यमियों की अंतिम सूची तैयार की गई थी। इनमें से 117 लाभुकों ने निर्धारित उद्यमिता प्रशिक्षण पूरा किया है। इन्हीं लाभुकों को पहली किस्त की राशि दी गई है।
10 लाख रुपये तक की मिलती है सहायता: जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्ञानेश्वरी किरण ने बताया कि पहली किस्त से लाभुक शेड निर्माण, बिजली कनेक्शन, सुरक्षा उपकरण सहित जरूरी शुरुआती कार्य कर सकेंगे। कार्य पूरा होने के बाद उपयोगिता प्रमाण और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर अगली किस्त जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत पात्र लाभुकों को 10 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलती है। इसमें 5 लाख रुपये तक अनुदान और 5 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना है।






Total views : 110952