बेगूसराय, 28 अक्टूबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
समाहरणालय स्थित सभागार में बुधवार को जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिछले दो महीनों में संस्थागत प्रसव के क्षेत्र में सुधार हुआ है और मासिक लक्ष्य के विरुद्ध 70 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल की गई। इस अवधि में कुल 10,446 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए। डीएम ने इस उपलब्धि को बनाए रखने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। डीएम ने भव्या (BHAVYA) ओपीडी में मरीजों के पंजीकरण समय की निगरानी, गंभीर नवजात शिशुओं को विशेष देखभाल इकाई में रेफर करने, कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने तथा गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अनुपस्थित अनुमंडल अस्पताल, मंझौल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शिवम आनंद और डंडारी के फैमिली प्लानिंग काउंसलर के साथ बलिया के लेखापाल के कार्यों की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर तीनों का मानदेय स्थगित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ड्यूटी रोस्टर तैयार करने और सत्यापन करने को कहा गया। इस अवसर पर तंबाकू मुक्त जिला अभियान का शुभारंभ किया गया। डीएम सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने तंबाकू का सेवन नहीं करने और इसके दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने की शपथ ली। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नसीम रज़ी सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे






Total views : 113564