बेगूसराय, 14 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
नागरिक सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा गुरुवार की शाम व्यापक स्तर पर मॉकड्रिल एवं ब्लैकआउट अभ्यास का आयोजन किया गया। यह अभ्यास शाम 7:00 बजे से 7:15 बजे तक जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर संपन्न हुआ।
प्रमुख संस्थानों में हुआ मॉकड्रिल: जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सदर अस्पताल बेगूसराय, जिला परिषद मार्केट, इंजीनियरिंग कॉलेज, आईओसीएल बरौनी, एनटीपीसी बरौनी तथा HURL बरौनी सहित कई संवेदनशील स्थलों पर मॉकड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, नागरिक सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की तैयारियों का अभ्यास किया गया।
सायरन और ब्लैकआउट से शहर हुआ सतर्क: मॉकड्रिल के उपरांत संध्या समय पूरे जिले में सायरन बजाकर नागरिकों को सतर्क किया गया। वहीं बिजली विभाग द्वारा निर्धारित अवधि के लिए विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट अभ्यास कराया गया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस वाहनों द्वारा लगातार सायरन बजाए गए, जिससे लोगों को सुरक्षा संबंधी सतर्कता का संदेश दिया गया।निर्धारित समय के दौरान शहर अंधेरे में डूबा रहा और आम नागरिकों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।
जिला पदाधिकारी ने जताया आभार: जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने ब्लैकआउट एवं मॉकड्रिल कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलेवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के नागरिक सुरक्षा अभ्यास आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में प्रशासन एवं आम नागरिक बेहतर तरीके से तैयार रह सकें।






Total views : 86130