बेगूसराय। 6 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला एवं विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों की बैठक हुई।
कार्यक्रम की तैयारियों पर हुई चर्चा: बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की सहभागिता, कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था और विभिन्न जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।
बताया गया कि 7 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। कार्यक्रम स्थल पर भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता सामूहिक रूप से संबोधन सुनेंगे। केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह सहित जिले के भाजपा विधायक और विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
महाकाल चौक मंदिर पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा:
बैठक के बाद भाजपा नेताओं ने महाकाल चौक मंदिर, खातोपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मंच, बैठने की व्यवस्था, आवागमन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन जरूरी है।






Total views : 110573