पटना। 21 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार में सड़क कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (CCEA) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-22 (NH-22) के मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा खंड को चार लेन में विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
हाइब्रिड एंयूटी मोड (HAM) के तहत बनने वाली इस 82.578 किलोमीटर लंबी परियोजना पर करीब 3,590.73 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना पूरी होने के बाद मुजफ्फरपुर से भारत-नेपाल सीमा के सोनबरसा तक आवागमन अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है।
100 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार: प्रस्तावित फोरलेन कॉरिडोर को हाई-स्पीड ट्रैवल को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। सड़क पर वाहनों की अधिकतम डिजाइन गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे और औसत गति करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे रखी जाएगी। सड़क पर एट-ग्रेड मीडियन ओपनिंग नहीं होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होने और दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी।परियोजना से मुजफ्फरपुर, मकसूमपुर, रुन्नीसैदपुर, थुम्मा, डुमरा, भुतही और सोनबरसा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा: यह कॉरिडोर केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उत्तर बिहार में पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा देगा। सड़क के बेहतर होने से सीतामढ़ी के माता जानकी और पुनौरा धाम जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही बौद्ध सर्किट से जुड़े पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान के तहत यह परियोजना बिहार के पांच आर्थिक नोड्स, चार सोशल नोड्स तथा मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी रेलवे स्टेशनों जैसे लॉजिस्टिक नोड्स को बेहतर तरीके से जोड़ने में मदद करेगी। इससे किसानों के कृषि उत्पादों और उद्योगों के सामान की ढुलाई आसान होने के साथ क्षेत्र की सप्लाई चेन भी मजबूत होने की उम्मीद है।
नेपाल सीमा तक कनेक्टिविटी होगी बेहतर: मुजफ्फरपुर से सोनबरसा तक फोरलेन सड़क बनने से उत्तर बिहार की नेपाल सीमा से कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी। बेहतर सड़क मार्ग से यात्रियों के साथ-साथ माल ढुलाई में समय की बचत होगी और सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को गति मिल सकती है।







Total views : 101225





















