बेगूसराय। 23 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती पर बेगूसराय को बड़ी शैक्षणिक सौगात मिली है। बिहार मंत्रिपरिषद ने बेगूसराय में ‘रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय’ की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। विश्वविद्यालय में पदाधिकारी एवं कर्मियों के वेतन आदि के लिए 15 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति का प्रावधान किया गया है।
गिरिराज सिंह ने उठाई थी मांग: दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर बेगूसराय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह लगातार प्रयासरत रहे। 22 जून 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के दौरान उन्होंने इस मांग को प्रमुखता से रखा था।
इसके बाद 19 जुलाई को बेगूसराय के आईओसीएल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में भी उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने का विषय उठाया। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिनकर की जन्मभूमि पर उनके नाम से विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की थी।
15 एकड़ भूमि चिह्नित: घोषणा के बाद जिला प्रशासन ने विश्वविद्यालय के प्रस्तावित स्थायी परिसर के लिए 15 एकड़ भूमि चिह्नित कर उच्च शिक्षा विभाग को प्रतिवेदन भेजा। इसके बाद विश्वविद्यालय स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
प्रस्तावित विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा, शोध, साहित्य और भारतीय चिंतन का केंद्र बनने की दिशा में काम करेगा। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं शोध के अवसर मिलने की उम्मीद है। साथ ही राष्ट्रकवि दिनकर की साहित्यिक और वैचारिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी विश्वविद्यालय की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
दिनकर जयंती के अवसर पर मिली कैबिनेट की मंजूरी को विश्वविद्यालय स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। संकल्प से घोषणा, घोषणा से भूमि चिह्नांकन और अब कैबिनेट की मंजूरी के साथ दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।






Total views : 107671