बेगूसराय। 8 सितम्बर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
नेपाल में आई हालिया बाढ़ के बाद बहकर आई अज्ञात एवं असामान्य मछलियों को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन ने जिलेवासियों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है। मत्स्य निदेशालय, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात अथवा असामान्य मछली का सेवन बिल्कुल न करें।
बाढ़ के पानी के साथ जलस्रोतों में पहुंची अज्ञात मछलियां
प्राप्त सूचना के अनुसार, नेपाल में आई बाढ़ के पानी के बहाव के साथ राज्य के विभिन्न जलस्रोतों में अज्ञात एवं असामान्य प्रजाति की मछलियां पहुंची हैं। प्रशासन ने ऐसी मछलियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है, खासकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में।
दूषित पानी के संपर्क से स्वास्थ्य को खतरा: जिला प्रशासन के अनुसार, बाढ़ के दौरान बहकर आने वाली ऐसी मछलियां दूषित पानी, गंदे नालों, मृत जीव-जंतुओं तथा सड़े-गले जैविक अवशेषों के संपर्क में रह सकती हैं। इसके कारण उनमें विभिन्न प्रकार के जीवाणु, विषाणु और फफूंदी आदि से संक्रमण की आशंका हो सकती है।
ऐसी मछलियों का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। इसलिए प्रशासन ने लोगों से किसी भी संदिग्ध या असामान्य मछली को खाने से पूरी तरह परहेज करने की अपील की है।
मछली खरीदते समय बरतें विशेष सावधानी: जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि मछली खरीदते समय उसकी प्रजाति और सामान्य स्वरूप को लेकर विशेष सावधानी बरतें। विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित इलाकों में अज्ञात या असामान्य दिखाई देने वाली मछलियों की खरीद-बिक्री, उपयोग और सेवन से बचें।
जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने संबंधित पदाधिकारियों को इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कर आम लोगों को जागरूक करने तथा आवश्यक सतर्कता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
प्रशासन का उद्देश्य संभावित स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए जिलेवासियों को सुरक्षित रखना और बाढ़ के दौरान फैलने वाली किसी भी संभावित स्वास्थ्य समस्या को रोकना है।






Total views : 105021