72 घंटे में मरम्मत नहीं होने पर एजेंसी की मेंटेनेंस राशि से प्रतिदिन 10 रुपये प्रति लाइट की होगी कटौती
बेगूसराय, 12 अक्टूबर 2026।नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
दीपावली से पहले बेगूसराय जिले में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसको लेकर जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में सोमवार को सभी सोलर स्ट्रीट लाइट एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दीपावली से पहले जिले में स्थापित सभी सोलर स्ट्रीट लाइटों को सुचारु रूप से चालू करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिल सके।
जिले में 30,910 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित: समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 31,030 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक 30,910 लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं। शेष 120 लाइटों को भी जल्द स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
72 घंटे से अधिक समय से खराब मिलीं 49 लाइटें: सीएमएस पोर्टल की समीक्षा के दौरान 72 घंटे से अधिक समय से खराब 49 सोलर स्ट्रीट लाइटें दर्ज पाई गईं। वहीं, 1,628 लाइटों में सिग्नल लॉस की समस्या सामने आई। इस पर डीएम ने संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर खराब लाइटों की मरम्मत करने और सिग्नल लॉस की समस्या का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।
मरम्मत में देरी पर एजेंसियों से होगी कटौती: जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खराब स्ट्रीट लाइटों की निर्धारित 72 घंटे की समय-सीमा में मरम्मत नहीं करने पर संबंधित एजेंसी की मेंटेनेंस राशि से प्रति खराब लाइट प्रतिदिन 10 रुपये की दर से कटौती की जाएगी। उन्होंने सभी एजेंसियों को नियमित रखरखाव, तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण और लाइटों के सुचारु संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
रोस्टर बनाकर होगी नियमित जांच: डीएम ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को जिले में स्थापित सभी सोलर स्ट्रीट लाइटों की जांच के लिए रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया। इसके तहत नियमित रूप से लाइटों की जांच कर खराब लाइटों की पहचान की जाएगी और समयबद्ध तरीके से उनकी मरम्मत सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, रखरखाव कार्यों की नियमित निगरानी करने और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे कार्यों की लगातार निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि दीपावली से पहले जिले की सभी सोलर स्ट्रीट लाइटें सुचारु रूप से काम करने लगें। इससे त्योहार के दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।





Total views : 111811