नवरात्र के प्रथम दिन जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आयोजित किया सम्मान समारोह, शिक्षा, विधि, खेल और चिकित्सा क्षेत्र की प्रतिभाओं को मिला सम्मान
बेगूसराय। 11 अक्टूबर 2026 रविवार। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से एडीआर भवन, बेगूसराय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं और महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का महत्व उस समय और बढ़ गया, जब शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ नारी शक्ति के सम्मान का संदेश भी दिया गया। समारोह का शुभारंभ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश वेद प्रकाश मोदी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव एवं अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी विवेक चंद्र वर्मा तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्राची, डॉ. शिवांगी और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. अल्पना राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
महिलाओं का सम्मान समाज की प्रगति के लिए जरूरी : वेद प्रकाश मोदी : समारोह को संबोधित करते हुए जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश वेद प्रकाश मोदी ने कहा कि महिलाओं का सम्मान समाज की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। संविधान ने पुरुषों और महिलाओं को समान अधिकार प्रदान किए हैं। महिलाएं कार्यस्थल पर अपनी जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ घर-परिवार का दायित्व भी पूरी निष्ठा से संभालती हैं। इसलिए समाज में महिलाओं के योगदान को समझना और उन्हें उचित सम्मान देना जरूरी है।वहीं, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी विवेक चंद्र वर्मा ने कहा कि नारी के बिना समाज के निर्माण की कल्पना नहीं की जा सकती। आज बालिकाएं और महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
शिक्षा और अच्छे संस्कार से मजबूत होगा समाज: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य ने कहा कि नवरात्र के प्रथम दिन बालिकाओं और महिलाओं को सम्मानित करना गौरव की बात है। समारोह में चिकित्सा, खेल, विधि और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।उन्होंने कहा कि बालिकाओं और महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक उत्थान के प्रति समाज को और अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है। अभिभावकों को अपनी बेटियों को बेहतर शिक्षा और अच्छे संस्कार देने चाहिए, ताकि वे एक सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के साथ देश का नाम रोशन कर सकें।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिला सम्मान: समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मनीषा कुमारी और अदिति कुमारी को सम्मानित किया गया। विधि के क्षेत्र में खुशबू कुमारी और सुमन कुमारी को सम्मान मिला, जबकि खेल के क्षेत्र में सुष्मिता और श्रुति को सम्मानित किया गया।चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. प्राची, डॉ. शिवांगी और डॉ. अल्पना राय को सम्मानित किया गया। वहीं, 12वीं वाणिज्य संकाय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा शिवांगी कुमारी को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में उपस्थित अन्य प्रतिभागियों ने भी अपने विचार रखे।





Total views : 111540