बेगूसराय, 4 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
4 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म पर बढ़ा आक्रोश:
बछवाड़ा थाना क्षेत्र के भीखमचक गांव में 4 वर्षीय बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म मामले को लेकर जिले में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष से मुलाकात कर मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की।
एसपी ने दिया स्पीडी ट्रायल का भरोसा: मुलाकात के दौरान एसपी मनीष ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही, मामले में स्पीडी ट्रायल के तहत जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रहा है।
नशे को बताया अपराध का प्रमुख कारण: सीपीआई जिला सचिव व पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय और एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने कहा कि जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के पीछे सूखा नशा एक बड़ी वजह बनता जा रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आकर इस तरह के जघन्य अपराधों को अंजाम दे रही है।
नशा मुक्त अभियान चलाने की घोषणा: शिक्षक नेता प्रताप नारायण सिंह और एआईएसएफ जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि संगठन जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाएगा। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से संदिग्ध इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे ये लोग: प्रतिनिधिमंडल में सीपीआई जिला मंत्री व पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय, शिक्षक नेता प्रताप नारायण सिंह, एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा, जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार और एआईवाईएफ के राज्य अध्यक्ष शंभू देवा समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
समाज से जागरूकता की अपील: प्रतिनिधिमंडल ने जिले के बुद्धिजीवियों और युवाओं से अपील की कि वे नशा और अपराध के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाकर समाज को सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।







Total views : 84455