तीन दिवसीय प्रशिक्षण में मैपिंग, हाउस लिस्टिंग और डेटा संग्रहण की दी गई विस्तृत जानकारी
बेगूसराय | 15अप्रैल 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारत की आगामी जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में सदर प्रखंड सभागार में प्रगणक एवं सुपरवाइजर के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 अप्रैल 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण 13 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चला।
46 कर्मियों को मिला प्रशिक्षण: इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 46 सरकारी कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य को सटीक, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से संपन्न कराना था, ताकि क्षेत्रीय स्तर पर डेटा संग्रहण में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
मैपिंग और हाउस लिस्टिंग पर विशेष जोर: प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नजरी-नक्शा के माध्यम से क्षेत्र के मानचित्रण की जानकारी दी गई। साथ ही प्रगणक ब्लॉक निर्माण, भवन सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) और भवनों की क्रमबद्ध नंबरिंग की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।
व्यावहारिक अभ्यास से बढ़ी दक्षता: प्रशिक्षकों द्वारा कर्मियों को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे वे क्षेत्र में कार्य करते समय सभी प्रक्रियाओं का सही ढंग से पालन कर सकें।
प्रशासन की निगरानी में चला प्रशिक्षण: प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज पदाधिकारी रवि शंकर कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। साथ ही अधिकारियों द्वारा इसकी नियमित निगरानी भी की गई। प्रशिक्षण के समापन पर अधिकारियों ने प्रतिभागियों से अपेक्षा जताई कि वे प्राप्त ज्ञान का उपयोग क्षेत्रीय कार्य में प्रभावी ढंग से करेंगे, जिससे जनगणना 2027 का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।







Total views : 80271