लंबित मांगों के लागू नहीं होने पर कर्मचारियों में आक्रोश, 17 अप्रैल को विश्वविद्यालय में ‘पोलखोल हल्ला बोल’ की चेतावनी
: बेगूसराय | 15 अप्रैल 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अधीन महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय कर्मचारी प्रक्षेत्रीय संघ, दरभंगा के आह्वान पर एसबीएसएस कॉलेज बेगूसराय में कर्मचारियों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। तय कार्यक्रम के तहत कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लागू कराने के लिए प्राचार्य कार्यालय का घेराव किया।
काली पट्टी बांधकर जताया विरोध : इस दौरान इकाई संघ के अध्यक्ष मो. अजमल और सचिव डॉ. मुकेश कुमार के नेतृत्व में सभी कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से प्राचार्य कक्ष का घेराव किया। यह घेराव प्रतिदिन 10 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक अपराह्न 1:30 बजे से 2:00 बजे तक किया जा रहा है।
समझौते के बावजूद लागू नहीं हुई मांगें: इकाई अध्यक्ष मो. अजमल ने बताया कि 14 अक्टूबर 2024 को विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी मांगों को लिखित समझौते में स्वीकार किया गया था। इसके बावजूद अब तक उन मांगों का धरातल पर अनुपालन नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
17 अप्रैल को उग्र आंदोलन की चेतावनी: कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो 17 अप्रैल 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में ‘पोलखोल हल्ला बोल’ कार्यक्रम के तहत जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इस आंदोलन को कॉलेज के शिक्षक संघ का भी समर्थन प्राप्त हुआ। शिक्षक संघ के सचिव डॉ. नीलेश कुमार, डॉ. मो. परवेज, डॉ. गोबिंद पासवान, डॉ. विवेक कुमार सिंहा और डॉ. विद्यासागर समेत कई शिक्षकों ने घेराव कार्यक्रम का समर्थन किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों में धीरज कुमार, राजीव कुमार, कुमार गौरव, स्वाती कुमारी, अरुण मालाकार, रामसेवक कुमार, कुंदन कुमार, अनिल पोद्दार, सलित कुमार झा, कारी सिंह, भानू चौधरी, समीर कुमार, मो. अजमल और अमित कुमार सहित कई कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।







Total views : 80262