बेगूसराय, 16 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को लेकर पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की अफवाहों के बीच बेगूसराय जिला प्रशासन ने जिले में व्यापक जांच अभियान चलाया। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश पर 68 गैस एजेंसियों की सघन जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। प्रत्येक टीम में एक वरीय दंडाधिकारी तथा एक पुलिस पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया था। इन टीमों ने एजेंसियों का निरीक्षण कर मूल्य सूची, स्टॉक स्थिति, डिलीवरी व्यवस्था, सिलेंडर का वजन, लीकेज जांच, सुरक्षा उपकरण और उपभोक्ता सुविधाओं की जांच की।

अवैध भंडारण पर कार्रवाई: जांच अभियान के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के नेतृत्व में नगर थाना क्षेत्र में साईं मंदिर के पीछे श्रवण कुमार के घर पर छापेमारी की गई। यहां से अवैध रूप से रखे गए 11 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। मामले में आरोपी के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई: जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग, निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली और घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 7 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों से बचने की अपील: प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की सूचना जिला कंट्रोल रूम के नंबर 06243-450626 पर दी जा सकती है।







Total views : 74733