बेगूसराय/पटना, 14 मार्च 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने अपनी समृद्धि यात्रा के क्रम में शनिवार को बेगूसराय जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। यह समीक्षा बैठक बेगूसराय के बियाडा प्रांगण में आयोजित की गई, जिसमें जिले से जुड़े कई अहम विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और आगे की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की।
जिलाधिकारी ने प्रस्तुत किया योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा : समीक्षा बैठक में बेगूसराय के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में चल रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं, सात निश्चय-2 और सात निश्चय-3 के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।इसके साथ ही जिले में संचालित अन्य विकासात्मक परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।

योजनाओं के तेज क्रियान्वयन पर दिया जोर: मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका कार्य तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-2 के अंतर्गत चल रही योजनाओं का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने सात निश्चय-3 के तहत निर्धारित योजनाओं पर भी शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
“सबका सम्मान-जीवन आसान” सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 नवंबर 2025 को नई सरकार के गठन के बाद राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के उद्देश्य से सात निश्चय-3 कार्यक्रम लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करना और उनकी जीवनशैली को बेहतर बनाना है।
युवाओं के लिए रोजगार और उद्योग पर सरकार का फोकस: मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए उद्योग स्थापना और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई प्रकार की सुविधाएं दी जा रही हैं।उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, जिससे राज्य में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्टार्टअप नीति भी लागू की गई है।
कई मंत्री और अधिकारी रहे उपस्थित: इस समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री सुरेंद्र मेहता, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्य्मंत्री ke प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त, बेगूसराय प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक, जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री तथा पुलिस अधीक्षक मनीष सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।







Total views : 74479