बेगूसराय, 14 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
Nitish Kumar ने अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान शनिवार को बेगूसराय जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 274 करोड़ रुपये की लागत से 400 विकास योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं में 211 योजनाओं का उद्घाटन (165 करोड़ रुपये) तथा 189 योजनाओं का शिलान्यास (109 करोड़ रुपये) शामिल है।

मेडिकल कॉलेज निर्माण का किया निरीक्षण: समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने बेगूसराय में निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि अस्पताल का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल परिसर में डॉक्टरों और कर्मियों के लिए आवासीय सुविधा तथा मुख्य सड़क से अस्पताल तक बेहतर आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल के चालू होने से आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
औद्योगिक इकाइयों का किया अवलोकन: मुख्यमंत्री ने बेगूसराय औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई उद्योगों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिहार के हर जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नए उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
जीविका समूहों को मिला आर्थिक सहयोग: बियाडा प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और कई योजनाओं के लाभुकों को सहायता प्रदान की। इस दौरान 9715 जीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंकों के माध्यम से 578 करोड़ 9 लाख रुपये के ऋण का सांकेतिक चेक दिया गया। इसके साथ ही जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति का निबंधन प्रमाण पत्र, 13 दीदी अधिकार केंद्रों की चाभी, ई-रिक्शा की चाभी तथा किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़े ऋण के चेक भी लाभार्थियों को वितरित किए गए।
कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा: मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। इनमें तेघड़ा-मुबारकपुर सड़क चौड़ीकरण, बखरी-बहादुरपुर बाईपास निर्माण, लखमिनियां बलिया मार्ग का विकास, कावर झील से जुड़े नालों की उड़ाही और चेकडैम निर्माण, सिमरिया घाट एवं कल्पवास मेला क्षेत्र का विकास तथा शाम्हो प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना जैसी योजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद: कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






Total views : 74480