संयुक्त छात्र संगठनों का एक दिवसीय आंदोलन
बेगूसराय, 11 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़:
बुधवार को जीडी कॉलेज परिसर में एनएसयूआई, एआईएसएफ और आयशा समेत संयुक्त छात्र संगठनों ने कॉलेज में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों और नशे के अवैध कारोबार के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान छात्र नेताओं ने प्रशासनिक भवन के पास जमकर नारेबाजी करते हुए कॉलेज प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
छात्र पर हमले के बाद भड़का आक्रोश: छात्र नेताओं ने बताया कि हाल ही में विज्ञान संकाय के छात्र अमृतेश गौतम पर कॉलेज परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा चाकू से हमला किया गया, जिसके बाद उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस घटना को लेकर छात्रों में काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि कॉलेज परिसर में लंबे समय से असामाजिक तत्वों की गतिविधियां और नशे का अवैध कारोबार चल रहा है।
कॉलेज प्रशासन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन: धरना के दौरान कॉलेज के प्राचार्य भूपेंद्र नारायण यादव और प्रधान सहायक कामेश्वर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्र संगठनों की मांगों को जायज बताते हुए आश्वासन दिया कि कॉलेज और जिला प्रशासन मिलकर असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करेगा।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी: एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राजा कुमार और अन्य छात्र नेताओं ने कहा कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो छात्र संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। धरना में एनएसयूआई के महासचिव गोपाल कुमार, जिला महासचिव प्रिंस कुमार, रिशु कुमार, अंकित कुमार, प्रिंस केशरी, शुभम कुमार, शिवम कुमार आदि छात्र उपस्थित थे।







Total views : 73783