बेगूसराय, 10 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी में 10 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 उत्साह, गरिमा और प्रेरणादायी माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता और सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेश को केंद्र में रखते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे दिन चले कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

निदेशक (मानव संसाधन) का प्रेरक संबोधन: कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंडियनऑयल की निदेशक (मानव संसाधन) सुश्री रश्मि गोविल का प्रेरणादायी संबोधन रहा, जो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने महिला कर्मचारियों को बड़े सपने देखने और अपने कार्यक्षेत्र में दक्षता व विशेषज्ञता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि महिलाएँ एक-दूसरे का सहयोग कर आगे बढ़ें और संगठन व समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करें। इस वर्ष की थीम “Give to Gain” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और वंचित वर्गों के लिए किया गया हर योगदान समाज को अधिक सशक्त और समावेशी बनाता है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने भी दिए प्रेरक संदेश: इस अवसर पर पियाली चक्रवर्ती, कार्यकारी निदेशक प्रभारी (मानव संसाधन) और अंजलि भावे, मुख्य महाप्रबंधक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशन एवं सीएसआर) भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ीं। उन्होंने महिला कर्मचारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि महिलाएँ स्वयं को किसी लैंगिक पहचान तक सीमित न रखें, बल्कि आत्मविश्वासी और सक्षम पेशेवर के रूप में अपनी पहचान स्थापित करें।
महिला कर्मचारी संगठन की महत्वपूर्ण शक्ति: बरौनी रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि महिला कर्मचारी संगठन की बहुमूल्य शक्ति हैं। उन्होंने महिलाओं को ऊँचे लक्ष्य निर्धारित करने, अपनी क्षमताओं को चुनौती देने और अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का आह्वान किया।
सामाजिक सेवा से हुई कार्यक्रम की शुरुआत: दिनभर चले इस आयोजन की शुरुआत महिला कर्मचारियों द्वारा सामाजिक सेवा गतिविधि से हुई। इसके तहत महिला ठेका श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता सत्र आयोजित किया गया और उन्हें स्वच्छता किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।महिला कर्मचारियों में आत्मविश्वास और सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ताइक्वांडो विशेषज्ञ नंदू जी द्वारा आत्मरक्षा कार्यशाला भी आयोजित की गई।
वृक्षारोपण और पत्रिका का लोकार्पण: कार्यक्रम के दौरान परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इसके साथ ही महिला कर्मचारियों की रचनात्मकता और वर्षभर की गतिविधियों को समर्पित वार्षिक पत्रिका “अज-प्रेरणा” का भी वरिष्ठ प्रबंधन द्वारा लोकार्पण किया गया।
खिलाड़ियों का सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रम: इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर की महिला ताइक्वांडो खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा केक कटिंग समारोह और महिला कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को उल्लासपूर्ण और यादगार बना दिया। बरौनी रिफाइनरी में आयोजित यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, सामाजिक संवेदनशीलता और सामूहिक प्रगति के संदेश को मजबूत करते हुए अत्यंत प्रेरणादायी और सफल रहा।







Total views : 73783