बेगूसराय। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़। 06 मार्च 2026
सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कार्यकाय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि शंकर कुमार ने की। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों और वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामले रहे प्रमुख: जनता दरबार के दौरान कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित मामले प्रमुख रहे। प्राप्त आवेदनों में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन से जुड़े आवेदन शामिल थे। इसके अलावा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र निर्गत करने, प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों तथा अन्य प्रशासनिक और लोक कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।
त्वरित जांच कर कार्रवाई का निर्देश: प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि शंकर कुमार ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित कर्मियों को त्वरित जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
लंबित मामलों की नियमित समीक्षा का निर्देश: इस अवसर पर बीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ निर्धारित समय सीमा के भीतर मिले, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकें।







Total views : 73026