बेगूसराय। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | 05 मार्च 2026
बेगूसराय समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिला उद्योग टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न उद्योग एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा उद्यमियों को दी जा रही सुविधाओं पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 292 लाभार्थियों का चयन किया गया है, जिनमें से 287 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में दो-दो लाख रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है। वहीं बिहार लघु उद्यमी योजना के अंतर्गत 1775 लाभार्थियों का चयन किया गया है, जिन्हें उद्योग स्थापना के लिए दो लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) में जिला उद्योग केंद्र बेगूसराय ने राज्य स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत जिले में अब तक 1303 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 411 को अंतिम स्वीकृति मिल चुकी है।इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के तहत वर्ष 2025-26 में 332 इकाइयों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें अब तक 255 आवेदनों को स्वीकृति और 168 लाभार्थियों को वित्तीय सहायता दी जा चुकी है।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्यमियों को भूमि चयन, बैंक समन्वय और डिजिटल भुगतान से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।







Total views : 72983