बेगूसराय | 25 फ़रवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान G.D. College में कथित अव्यवस्था और लापरवाही को लेकर एनएसयूआई ने प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राजा कुमार ने कहा कि कॉलेज प्रशासन की अनदेखी से हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

प्राचार्य कक्ष में ताला, परिसर में गंदगी: राजा कुमार ने आरोप लगाया कि कॉलेज खुले रहने के बावजूद प्राचार्य कक्ष पर अक्सर ताला लटका रहता है, जिससे छात्रों को प्रशासनिक कार्यों में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि पठन-पाठन स्थल पर कचरे का अंबार लगा है और ऐसा प्रतीत होता है मानो शहर का कचरा परिसर में फेंका जा रहा हो। इसके अलावा, छात्र-छात्राओं के शौचालयों में भी गंदगी और कथित अवैध सामग्री मिलने की बात कही गई है, जिसे उन्होंने बेहद चिंताजनक बताया।
“कॉलेज जिले की धरोहर”: एनएसयूआई सचिव पवन कुमार ने कहा कि जीडी कॉलेज बेगूसराय जिले की शान और धरोहर है, जहां लगभग 40 हजार छात्र-छात्राओं का भविष्य जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज का शैक्षणिक वातावरण और सौंदर्यीकरण दोनों प्रभावित हो रहे हैं, जबकि यह विश्वविद्यालय के शीर्ष कॉलेजों में शामिल रहा है।

आंदोलन की चेतावनी: एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि कॉलेज प्रशासन ने स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं किया तो संगठन रोषपूर्ण आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि छात्रहित में संगठन पूर्व से ही संघर्ष करता रहा है और भविष्य में भी छात्रों के अधिकारों के लिए आवाज उठाता रहेगा। हालांकि, इस संबंध में कॉलेज प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।







Total views : 71870