बेगूसराय | 02 फरवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर बेगूसराय जिले में व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जाएगा। सिविल सर्जन, बेगूसराय द्वारा जानकारी दी गई कि दिनांक 04 फरवरी 2026 को जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर कैंसर की जांच की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान कर लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।
जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर होगी जांच: सिविल सर्जन के अनुसार सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर यह जांच सुविधा उपलब्ध रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और समय पर अपनी जांच कराएं।
4 से 11 फरवरी तक चलेगा विशेष स्वास्थ्य अभियान: गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. संजय सिंह ने बताया कि विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में यह विशेष अभियान दिनांक 04 फरवरी से 11 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान कैंसर जांच के साथ-साथ उच्च रक्तचाप (बीपी) एवं मधुमेह (शुगर) की जांच भी की जाएगी तथा आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज: स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी में पखाना, पेशाब या योनि मार्ग से खून आना, लंबे समय से जख्म या फोड़े का नहीं भरना, स्तन में गांठ या स्तन से रक्तस्राव, मुंह या जीभ में सफेद चकत्ते, त्वचा पर तिल या गांठ का अचानक बढ़ना, रजोनिवृत्ति के बाद रक्तस्राव या योनिमार्ग से दुर्गंधयुक्त रिसाव जैसे लक्षण दिखाई दें, तो बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच अवश्य कराएं।
होमी भाभा कैंसर अस्पताल मुजफ्फरपुर का सहयोग: इस पूरे अभियान में होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, मुजफ्फरपुर की विशेषज्ञ टीम द्वारा तकनीकी एवं चिकित्सीय सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे जांच की गुणवत्ता और प्रभावशीलता सुनिश्चित की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की अपील: स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस जनहित अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और कैंसर सहित अन्य गैर-संचारी रोगों की समय रहते जांच कराकर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।






Total views : 68930










