बेगूसराय | 29 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धान्तिक) परीक्षा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन बेगूसराय ने सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 02 फरवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक जिले के कुल 39 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा का समय एवं विषय: परीक्षा प्रथम पाली में पूर्वाह्न 09:30 बजे से अपराह्न 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली में अपराह्न 02:00 बजे से अपराह्न 05:15 बजे तक संचालित होगी। दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने से पहले 15 मिनट का ‘कूल-ऑफ टाइम’ निर्धारित किया गया है। परीक्षा की शुरुआत 02 फरवरी को प्रथम पाली में जीव विज्ञान एवं द्वितीय पाली में अर्थशास्त्र विषय से होगी।
37,935 परीक्षार्थी होंगे शामिल: जिला शिक्षा पदाधिकारी के अनुसार इस वर्ष जिले में कुल 37,935 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनमें 16,480 छात्र एवं 21,455 छात्राएं शामिल हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा केंद्रों पर धारा 144 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। मुख्य द्वार पर सभी परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी, जबकि महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला कर्मियों द्वारा सुरक्षित घेरे में की जाएगी।
जूता-मोजा और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध:
परीक्षा केंद्रों के भीतर जूता-मोजा पहनकर प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षार्थियों को केवल चप्पल पहनकर ही प्रवेश की अनुमति होगी। मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जो परीक्षार्थियों के साथ-साथ वीक्षकों एवं अन्य कर्मियों पर भी लागू होगा।
कदाचार पर होगी सख्त कार्रवाई:
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पूर्णतः स्वच्छ, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों एवं पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री द्वारा परीक्षा कार्य में संलग्न सभी पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को कारगिल विजय सभा भवन में आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का आयोजन सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।






Total views : 68940










