बेगूसराय | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | 16 जनवरी 2026
बेगूसराय जिले में चल रही अंडर-19 क्रिकेट लीग के तीसरे दिन चार अलग-अलग मैदानों पर रोमांचक मुकाबले खेले गए। इन मुकाबलों में बखरी क्रिकेट क्लब, साहेबपुरकमाल क्रिकेट क्लब, मटिहानी नगर क्रिकेट क्लब और बेगूसराय क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
गांधी स्टेडियम में बखरी क्रिकेट क्लब की बड़ी जीत: गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में बखरी क्रिकेट क्लब और चेरिया बरियारपुर क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बखरी क्रिकेट क्लब ने 30 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 232 रन बनाए। इसमें सचिन ने नाबाद 95 रन और किशन ने 43 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में चेरिया बरियारपुर की टीम 26 ओवर में 107 रन पर सिमट गई। बखरी की ओर से आयुष ने 4 विकेट और देवराज ने 2 विकेट झटके। शानदार प्रदर्शन के लिए सचिन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मटिहानी नगर क्रिकेट क्लब की एकतरफा जीत: आरकेसी मैदान पर खेले गए मुकाबले में मटिहानी नगर क्रिकेट क्लब ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बरौनी क्रिकेट क्लब को 155 रन से पराजित किया। मैच में मटिहानी की टीम पूरी तरह हावी नजर आई।
साहेबपुरकमाल और बेगूसराय क्रिकेट क्लब विजयी: तीसरे मैदान हर्ल में खेले गए मुकाबले में साहेबपुरकमाल क्रिकेट क्लब ने तेघड़ा क्रिकेट क्लब को 63 रन से हराया। वहीं, चौथे मैदान ग्रीन पार्क उलाव में बेगूसराय क्रिकेट क्लब ने बेगूसराय ग्रामीण क्रिकेट क्लब को 38 रन से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत हासिल की। जिला क्रिकेट संघ के मीडिया प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि लीग के अंतर्गत शनिवार को भी चारों मैदानों पर अंडर-19 के मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे क्रिकेट प्रेमियों को लगातार रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे।





Total views : 75832