बेगूसराय | 15 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
इंडियनऑयल की ऐतिहासिक बरौनी रिफाइनरी ने 15 जनवरी 2026 को अपना 61वां रिफाइनरी दिवस अत्यंत गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया। यह अवसर न केवल रिफाइनरी की छह दशकों से अधिक की गौरवशाली औद्योगिक यात्रा का प्रतीक रहा, बल्कि भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं और सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ और सामूहिक संकल्प: रिफाइनरी दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा, आपसी सद्भाव, परस्पर सम्मान और औद्योगिक शांति बनाए रखते हुए रिफाइनरी के सतत, सुरक्षित एवं समावेशी विकास हेतु प्रतिबद्ध रहने की शपथ दिलाई।

अध्यक्ष का संदेश और श्रद्धांजलि कार्यक्रम: इंडियनऑयल के अध्यक्ष श्री ए. एस. साहनी द्वारा बरौनियन परिवार के लिए प्रेषित विशेष संदेश का वाचन कार्यकारी निदेशक (परियोजना एवं कोर ग्रुप) संजय रायजादा ने किया। स्थापना स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व कार्यकारी निदेशक पारादीप रिफाइनरी जी. एस. सिंह, मुख्य उपमहाप्रबंधकगण, महाप्रबंधकगण, ऑफिसर्स एसोसिएशन के सचिव विनम्र बसिवार, बी.टी.एम.यू. के अतिरिक्त महासचिव संजीव कुमार, विप्स समन्वयक मीनाक्षी ठाकुर, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने रिफाइनरी के निर्माण और विकास में योगदान देने वाले पथप्रदर्शकों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

निदेशक (रिफाइनरीज़) का आगमन और परियोजनाओं का उद्घाटन: 61वें रिफाइनरी दिवस को विशेष गरिमा प्रदान करते हुए निदेशक (रिफाइनरीज़) अरविन्द कुमार का बरौनी रिफाइनरी आगमन हुआ। उनके करकमलों द्वारा BR-09 विस्तार परियोजना के अंतर्गत निर्मित अत्याधुनिक स्विचगियर सबस्टेशन (SS-44) का उद्घाटन किया गया। 3040 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित यह सबस्टेशन आगामी प्रक्रिया इकाइयों की बढ़ती विद्युत आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मिला नया आयाम: इस अवसर पर बरौनी रिफाइनरी अस्पताल में प्रस्तावित बर्न वार्ड का शिलान्यास भी किया गया। इससे गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को उन्नत एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में अहम पहल हुई है, जो स्थानीय समुदाय के प्रति रिफाइनरी की संवेदनशीलता को दर्शाती है।
CSR के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण : सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को ‘श्री कृष्ण सिंह छात्रवृत्ति योजना’ (कक्षा XI–XII) और ‘दिनकर उच्च शिक्षा सहायता योजना’ के तहत छात्रवृत्ति प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही प्रदूषण नियंत्रण हेतु जिला प्रशासन को वॉटर मिस्ट स्प्रेयर मशीन सौंपी गई तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया गया।
ऊर्जा क्षेत्र में संतुलित नेतृत्व का उदाहरण : अरविन्द कुमार : अपने संबोधन में अरविन्द कुमार ने कहा कि बरौनी रिफाइनरी तकनीकी उत्कृष्टता, परिचालन विश्वसनीयता और सामाजिक उत्तरदायित्व के संतुलित नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कर्मचारियों, परियोजना टीमों और स्थानीय समुदाय के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
औद्योगिक प्रगति के साथ सामाजिक प्रतिबद्धता का संदेश: 61वें बरौनी रिफाइनरी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों ने न केवल रिफाइनरी की औद्योगिक उपलब्धियों और BR-09 परियोजना की प्रगति को उजागर किया, बल्कि समाज, पर्यावरण और मानव कल्याण के प्रति इसकी दृढ़ प्रतिबद्धता को भी सशक्त रूप से प्रतिबिंबित किया।






Total views : 68940










